नई दिल्ली: एशियाई खेलों में इस बार पिछली बार की तुलना में भारतीय दल छोटा रहेगा। हांगझोउ एशियाड में भारत ने ४० खेलों के लिए ६६१ सदस्यीय दल भेजा था, लेकिन इस बार भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने ३६ खेलों में ५०४ खिलाड़ियों को उतारने के लिए सरकार से अनुमति मांगी है। इसमें २७५ पुरुष और २२९ महिला खिलाड़ी शामिल हैं। खेल मंत्रालय की मंजूरी के बाद भारतीय दल की संख्या या तो थोड़ी कम होगी या फिर इसमें मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। एशियाड के लिए ५०४ खिलाड़ियों के साथ १६७ प्रशिक्षण और सहयोगी स्टाफ के अलावा ६८ अतिरिक्त टीम अधिकारियों के लिए भी मंजूरी मांगी गई है।
क्रिकेट की सफलता को ध्यान में रखते हुए, पिछले एशियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली पुरुष और महिला टीमों के साथ सबसे बड़ा सपोर्ट स्टाफ दल जाएगा। बीसीसीआई ने पुरुष वर्ग में १५ और महिला वर्ग में १५ सदस्यीय टीम के साथ १०-१० सपोर्ट स्टाफ भेजने का फैसला किया है। इसी तरह पिछले एशियाड में देश के लिए सर्वाधिक ७ स्वर्ण सहित २२ पदक जीतने वाला शूटिंग दल भी ३० सदस्यीय है, लेकिन इस खेल के लिए केवल १५ सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ की मांग की गई है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने वाली पुरुष क्रिकेट टीम के लिए वीवीएस लक्ष्मण को कोच नियुक्त किया गया है। इसके अलावा टीम के साथ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के स्पिन गेंदबाजी कोच व पूर्व टेस्ट क्रिकेटर सुनील जोशी गेंदबाजी कोच और अंडर-१९ स्तर के डेवलपमेंट कोच ऋषिकेश कानितकर बल्लेबाजी कोच होंगे। महिला क्रिकेट टीम अमोल मजूमदार के मार्गदर्शन में जाएगी। आविष्कार साल्वी गेंदबाजी और मुनीष बाली फील्डिंग कोच होंगे। वहीं पुरुष टीम के फील्डिंग कोच शुभदीप घोष होंगे।
नियमों के अनुसार, टीम के सदस्यों में ३३ प्रतिशत सपोर्ट स्टाफ होता है। बीसीसीआई ने पुरुष और महिला टीम के ३० सदस्यीय दल के लिए १० सपोर्ट स्टाफ दिए हैं, जबकि १० अतिरिक्त सपोर्ट स्टाफ अतिरिक्त टीम अधिकारियों के रूप में मांगे हैं। इस प्रकार ५०४ खिलाड़ी, १६७ सपोर्ट स्टाफ और ६९ अतिरिक्त टीम अधिकारियों को मिलाकर कुल ७४० सदस्यीय दल बनता है। इसमें शेफ डी मिशन सहदेव यादव की अगुवाई में १९ सदस्यीय आईओए दल भी शामिल रहेगा। इस लिहाज से आईओए ने सरकार से कुल ७५९ सदस्यीय दल की मंजूरी मांगी है। आईओए दल में ४ डिप्टी शेफ डी मिशन, डॉ. दिनशॉ पारदीवाला के नेतृत्व में ६ सदस्यीय मेडिकल स्टाफ और दो प्रेस सदस्य भी शामिल होंगे।
आईओए ने एशियाई खेलों में भारतीय दल भेजने की अनुमानित लागत २२.६ करोड़ रुपये आंकी है। इसमें सेरेमोनियल किट, प्लेइंग किट, दैनिक भत्ता (पॉकेट मनी), टिकट और बीमा का खर्च शामिल है। सबसे बड़ा दल एथलेटिक्स का होगा, जिसमें ७२ एथलीट और २६ सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं। एथलेटिक्स पर ३ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि क्रिकेट के ५० सदस्यीय दल पर १ करोड़ ८४ लाख रुपये का खर्च आएगा। इसके अलावा ५८ सदस्यीय हॉकी दल पर २ करोड़ से अधिक और शूटिंग पर लगभग १.५ करोड़ रुपये खर्च होंगे।










