दार्जिलिंग: दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने ८०वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दार्जिलिंग हिल्स, तराई, डुअर्स सहित समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ के १५० गौरवशाली वर्षों को नमन करते हुए कहा कि इस अमर गीत ने स्वतंत्रता संग्राम में करोड़ों भारतीयों के हृदय में साहस, एकता और राष्ट्रभक्ति की ज्योति प्रज्वलित की थी और आज भी हमें राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित कर रहा है।
सांसद बिष्ट ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से लेकर आज के आत्मनिर्भर और सशक्त भारत तक की यात्रा १४० करोड़ से अधिक भारतीयों के संकल्प और सामूहिक सामर्थ्य की कहानी है। आज का भारत युवा शक्ति, नवाचार और आत्मविश्वास के साथ ‘विकसित भारत’ के निर्माण की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने सभी से स्वतंत्रता के अमर भाव को राष्ट्रनिर्माण के संकल्प में बदलने का आह्वान किया।










