अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर
कोलकाता: विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर सीके बिड़ला हॉस्पिटल्स (सीएमआरआई) ने रोटरी, कंसर्न फॉर कलकत्ता और कोलकाता पुलिस के सहयोग से अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक इंटरैक्टिव पैनल चर्चा का आयोजन किया। सीएमआरआई सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय “यादों से परे कुछ छोड़ जाएं – जीवन से परे, स्वयं से परे” रखा गया था।
अंगदान के माध्यम से अंतिम चरण के अंग विफलता से जूझ रहे मरीजों को नया जीवन दिया जा सकता है। हालांकि, बढ़ती जागरूकता के बावजूद भ्रांतियां, जानकारी का अभाव और झिझक अभी भी इसके मुख्य बाधक बने हुए हैं। कार्यक्रम में रोबोटिक एवं रीनल ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. फुरकान बी शेख, नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. सुनील कुमार, क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. अनिर्बान चट्टोपाध्याय, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. दीप दास और रोटो प्रमुख प्रो. (डॉ.) अर्पिता रॉय चौधरी सहित कई प्रमुख विशेषज्ञों ने भाग लिया। इस परिचर्चा का संचालन डॉ. कौशिक दास ने किया।
इस अवसर पर कंसर्न फॉर कलकत्ता के अध्यक्ष नारायण पी जैन और रोटरी के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर भोट्रिंदो मल्लिक भी उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने अंगदान के चिकित्सीय, नैतिक और सामाजिक पहलुओं, संभावित दाताओं की समय पर पहचान, परिजनों की भूमिका और प्रत्यारोपण व्यवस्था के प्रति जनविश्वास बढ़ाने पर विचार व्यक्त किए। सीके बिड़ला हॉस्पिटल्स के जोनल हेड डॉ. सोमब्रत रॉय ने कहा कि अंगदान महज एक चिकित्सीय फैसला नहीं, बल्कि किसी को जिंदगी का दूसरा मौका देने का एक अनूठा अवसर है।









