गंगटोक: सिक्किम में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के पहले अंग प्रत्यारोपण केंद्र (ऑर्गन ट्रांसप्लांट सेंटर) और पोस्ट-ट्रांसप्लांट आईसीयू की शुरुआत की गई है। ८०वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोचकगांग स्थित एसटीएनएम अस्पताल में इस आधुनिक चिकित्सा सुविधा का आधिकारिक उद्घाटन किया गया।
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) और राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने संयुक्त रूप से इस केंद्र का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री जीटी ढंगेल और विधायक कला राय भी उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री तमांग ने बताया कि इस केंद्र के शुरू होने से सिक्किम के निवासियों को अब किडनी ट्रांसप्लांट और देखभाल के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण और उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।










