ऑटो में छूटा सामान बरामद कर महिला को सौंपा गया
सिलीगुड़ी: माटीगाड़ा थाना अंतर्गत उत्तरायण पुलिस चौकी की मुस्तैदी से ऑटो-रिक्शा में छूटे मूल्यवान सामान से भरे दो बैग सुरक्षित बरामद कर उनके असली मालिक को सौंप दिए गए हैं।
श्रीमती रश्मि छेत्री ने एयर व्यू मोड़ से सिटी सेंटर मॉल जाते समय ऑटो-रिक्शा में भूलवश अपने दो बैग छूट जाने की शिकायत उत्तरायण पुलिस चौकी में दर्ज कराई थी, जिनमें कीमती सामान मौजूद था। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज की मदद से संबंधित ऑटो-रिक्शा की पहचान कर उसे रोका गया, जिसके बाद दोनों बैग सकुशल बरामद कर लिए गए।
उचित सत्यापन और पहचान प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद सामान श्रीमती छेत्री को सौंप दिया गया। सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि वह नागरिकों को त्वरित, उत्तरदायी और जन-केंद्रित पुलिसिंग सेवाएं प्रदान करने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।








