टोरंटो मास्टर्स: सेमीफाइनल में स्वियातेक की भिड़ंत स्वितोलिना से

8571a32e-c44a-40be-ac0b-f5b8fac20d71

टोरंटो: पोलैंड की अनुभवी खिलाड़ी इगा स्वियातेक ने अपना विजयाभियान जारी रखते हुए टोरंटो मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। पूर्व नंबर एक खिलाड़ी तथा ६ बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्वियातेक ने महिला एकल के क्वार्टर फाइनल मैच में रूस की डायना श्नाइडर को केवल ६४ मिनट में ६-२, ६-१ से पराजित किया।
​इस जीत के साथ स्वियातेक इस साल दूसरी बार किसी डब्लूटीए टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचीं। पोलैंड की खिलाड़ी ने मैच की शुरुआत से ही श्नाइडर पर दबाव बनाया और २ बार विपक्षी खिलाड़ी की सर्विस तोड़कर ५-२ की बढ़त हासिल की। इसके बाद उन्होंने अपनी सर्विस बचाकर पहला सेट ३१ मिनट में जीत लिया। दूसरे सेट में तो स्वियातेक ने श्नाइडर को कोई मौका ही नहीं दिया। उन्होंने २-१ की बढ़त के बाद सर्विस ब्रेक की और ४-१ की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद उन्होंने एक और ब्रेक के साथ आसानी से मैच जीत लिया।
​सेमीफाइनल में स्वियातेक की भिड़ंत यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना से होगी। नौवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी स्वितोलिना ने रूस की एकातेरिना अलेक्जेंड्रोवा को ३-६, ६-०, ६-३ से पराजित किया। पहले सेट में अलेक्जेंड्रोवा ने स्वितोलिना को कड़ी चुनौती दी और ६-३ से सेट जीत लिया। इसके बाद स्वितोलिना ने लगातार ८ गेम जीतकर मैच का समीकरण ही बदल दिया। उन्होंने दूसरा सेट ६-० से जीता। तीसरे तथा निर्णायक सेट में रूस की खिलाड़ी ने वापसी करने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ और यूक्रेन की खिलाड़ी ने मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
​उल्लेखनीय है कि स्वियातेक और स्वितोलिना के बीच अब तक ७ बार भिड़ंत हो चुकी है, जिसमें पोलैंड की खिलाड़ी ने ४ बार जीत हासिल की है।

About Author

Advertisement