नई दिल्ली: वर्तमान विंबलडन चैंपियन और ५ बार के ग्रैंड स्लैम विजेता इटली के यानिक सिन्नर दाहिने घुटने की चोट के कारण सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट से हट गए हैं। टूर्नामेंट के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ने रविवार को इसकी पुष्टि की। इस तरह अब टूर्नामेंट में टेनिस जगत के दो युवा नक्षत्र सिन्नर और उनके चिर प्रतिद्वंद्वी कार्लोस अल्काराज़ दिखाई नहीं देंगे।
टूर्नामेंट के आयोजकों द्वारा जारी बयान में कहा गया है, यानिक सिन्नर दाहिने घुटने की चोट के कारण सिनसिनाटी ओपन से हट गए हैं। २०२४ के चैंपियन को हमारी शुभकामनाएं और अगले साल आपसे मिलने की प्रतीक्षा रहेगी। उल्लेखनीय है कि सिन्नर ने २०२४ में सिनसिनाटी ओपन का खिताब जीता था। फाइनल में उन्होंने फ्रांसिस टियाफो को ७-६ (४), ६-२ से हराकर ट्रॉफी जीती थी। इस बार उन्होंने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है, जिससे टूर्नामेंट को बड़ा झटका लगा है।
सिनसिनाटी ओपन का आयोजन १३ से २३ अगस्त तक होगा और इसे साल के अंतिम ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन की तैयारी का सर्वश्रेष्ठ मंच माना जाता है। यूएस ओपन का आयोजन ३० अगस्त से १३ सितंबर तक होगा।
सिन्नर से पहले स्पेन के स्टार खिलाड़ी अल्काराज़ ने भी सिनसिनाटी ओपन से नाम वापस ले लिया था। सात बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन अल्काराज़ इस टूर्नामेंट के वर्तमान चैंपियन हैं। अल्काराज़ को अप्रैल में बार्सिलोना ओपन के दौरान कलाई में चोट लगी थी। उसके बाद से वह प्रतिस्पर्धी टेनिस से बाहर चल रहे हैं। चोट के कारण वह फ्रेंच ओपन और विंबलडन में हिस्सा नहीं ले सके थे। २३ वर्षीय अल्काराज़ की नज़र यूएस ओपन के माध्यम से खेल में वापसी करने पर है। टूर्नामेंट में वह वर्तमान विजेता के रूप में उतरेंगे। स्पेनिश खिलाड़ी ने पिछले कुछ समय से अपनी फिटनेस में सुधार किया है। पहले उन्होंने स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग पर काम किया, उसके बाद उन्होंने सिनसिनाटी में अभ्यास करना शुरू किया है।










