लीड्स: ऑस्ट्रेलिया की वनडे और टी२० टीम के कप्तान मिचेल मार्श इस समय असाधारण फॉर्म में हैं। द हंड्रेड २०२६ में सनराइजर्स लीड्स की ओर से खेलते हुए मार्श ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वेल्स फायर के खिलाफ मैच में अर्धशतक बनाने के साथ ही वह एक कैलेंडर वर्ष में १५०० या उससे अधिक टी२० रन बनाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं। मार्श के अर्धशतक की बदौलत मैच में सनराइजर्स लीड्स ने ४ विकेट पर २०१ रन का स्कोर बनाकर वेल्स फायर को ७१ रन से हरा दिया।
मिचेल मार्श ने २०२६ में लगातार शानदार बल्लेबाजी की है। वह इस साल टी२० क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। मार्श ने इस कैलेंडर वर्ष में अब तक ३५ मैचों में १५०२ रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत ४४.१७ और स्ट्राइक रेट लगभग १६० का रहा है, जिसमें २ शतक और ११ अर्धशतक शामिल हैं। मार्श ने यह उपलब्धि ऑस्ट्रेलिया के लिए टी२० अंतरराष्ट्रीय, पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए बीबीएल, लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल और सनराइजर्स लीड्स के लिए द हंड्रेड में खेलते हुए हासिल की है।
मार्श ने १५०० रन का आंकड़ा पार करने के साथ ही टिम डेविड का ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड तोड़ दिया। टिम डेविड ने २०२२ में ५८ पारियों में १४६१ रन बनाए थे, जिसमें उनका औसत २७.६७ और स्ट्राइक रेट १७०.६७ का था। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की इस सूची में ट्रैविस हेड भी मार्श के करीब हैं। हेड ने ३९ मैचों में ४१.२० के औसत और १८२.०७ के स्ट्राइक रेट से १४४२ रन बनाए हैं।
मिचेल मार्श के पास अब न केवल ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड, बल्कि टी२० क्रिकेट के वैश्विक रिकॉर्ड को भी चुनौती देने का मौका है। समग्र रूप से एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक टी२० रन बनाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन के नाम है, जिन्होंने २०२४ में ७४ पारियों में ४०.८९ के औसत और १५७.३९ के स्ट्राइक रेट से २३३१ रन बनाए थे। उस समय पूरन ने एक शतक और १५ अर्धशतक लगाए थे।
फिलहाल मार्श के खाते में १५०२ रन हैं और पूरन का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें ८३० रन की और आवश्यकता है। इस साल अभी और भी टी२० क्रिकेट खेला जाना बाकी है, इसीलिए मार्श के पास पूरन का रिकॉर्ड तोड़ने का पूरा अवसर रहेगा। इस साल टी२० क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में भारत के ईशान किशन भी शामिल हैं। किशन ने १४१४ रन बनाए हैं। इसी तरह फिन एलन ने १४१३, रयान रिकेल्टन ने १३१९, जोस बटलर ने १२९५ और टिम सेफर्ट ने ११९२ रन बनाए हैं। वहीं, भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने १०७७ रन बनाए हैं।









