ईटानगर: भारत के अरुणाचल प्रदेश स्थित बोलेङ में आगामी ५ से ९ अक्टूबर २०२६ तक ‘एशियाई राफ्टिंग चैंपियनशिप’ का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की है।
मंत्री ओजिंग तासिंग की उपस्थिति में मुख्यमंत्री खांडू ने एशियाई राफ्टिंग काउंसिल के अध्यक्ष शौकत सिकंद और अरुणाचल प्रदेश वाटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष निनो दाई से मुलाकात कर प्रतियोगिता की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री खांडू ने विश्वास जताया है कि यह प्रतियोगिता अरुणाचल प्रदेश की खूबसूरत नदियों, साहसिक खेलकूद की संभावनाओं और यहाँ के आतिथ्य सत्कार को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का एक बेहतरीन अवसर साबित होगी।










