असम: मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

56c6907e-12b3-45f0-9a78-f0954556ceca

“पीड़ितों के दुख में सरकार साथ खड़ी है”: मुख्यमंत्री

​गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने राज्य के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी दौरा कर बाढ़ पीड़ितों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यद्यपि बाढ़ का जलस्तर कम हो रहा है, लेकिन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों का दर्द और नुकसान अभी भी बना हुआ है।
​मुख्यमंत्री शर्मा ने शिवसागर और चराईदेव जिलों के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय निवासियों की समस्याओं और दुखों की जानकारी ली।
​सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने लिखा, “बाढ़ का पानी कम हो रहा है… लेकिन बाढ़ पीड़ितों की आंखों में दिखाई देने वाला दुख क्या इतनी आसानी से कम होगा? आज मैं शिवसागर और चराईदेव के कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गया और वहां के लोगों से बात की।”
​दौरे के दौरान लोगों को हुए अकल्पनीय नुकसान पर दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने आगे कहा, “किसी ने अपने प्रियजनों को खोया है, किसी ने अपने पूरे परिवार को, तो किसी ने वर्षों की कड़ी मेहनत से बुने अपने सपनों को खो दिया है। हर क्षेत्र में एक दर्दनाक कहानी महसूस हुई, मेरा दिल भारी है।”
​इस कठिन परिस्थिति में सरकार के बाढ़ पीड़ितों के साथ होने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने पीड़ितों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा, “इस मुश्किल समय में आप अकेले नहीं हैं। आपका दर्द ही हमारा दर्द है। हमारी सरकार कल भी आपके साथ थी, आज भी है और आगे भी आपके साथ ही रहेगी।”
​मुख्यमंत्री शर्मा ने दौरे के दौरान नाव से बाढ़ ग्रस्त इलाकों का जायजा लेते हुए, स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनते हुए और राहत एवं बचाव दल से बातचीत करते हुए तस्वीरें भी साझा की हैं।

About Author

Advertisement