नई दिल्ली: भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करते हुए ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, रक्षा, व्यापार और महत्वपूर्ण खनिजों (क्रिटिकल एंड रेयर अर्थ मिनरल्स) के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री बख्तियार सैदोव की चार दिवसीय भारत यात्रा के दौरान सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित उच्च स्तरीय वार्ता में दोनों देशों के बीच बहुपक्षीय साझेदारी की समीक्षा की गई।
भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ बैठक में उज्बेकिस्तान को भारत के ‘विस्तारित पड़ोस’ का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया। बातचीत के दौरान चीन के प्रभुत्व वाली खनिज आपूर्ति श्रृंखला का विकल्प तलाशने और दोनों देशों के बीच लगभग १ अरब डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार को और बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई। इसके अलावा, आतंकवाद और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ दोनों देशों ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ साझा दृष्टिकोण रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
यात्रा के दौरान विदेश मंत्री सैदोव ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की। राष्ट्रपति मुर्मू ने दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों पर जोर देते हुए शिक्षा, प्रौद्योगिकी और खनन के क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाओं को रेखांकित किया। वर्तमान में १६ हजार से अधिक भारतीय छात्र उज्बेकिस्तान में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।









