सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी के स्थानीय व्यापारी संगठनों ने असम के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए राहत कोष संग्रह अभियान शुरू किया है। सिलीगुड़ी हॉकर्स कॉर्नर व्यवसायी समिति और महावीरस्थान व्यवसायी समिति के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को बाजार परिसर में इस विशेष संग्रह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों के साथ-साथ आम जनता ने भी स्वेच्छा से आगे आकर अपना वित्तीय योगदान दिया।
इस अवसर पर सिलीगुड़ी के विधायक डा. शंकर घोष भी उपस्थित रहे। उन्होंने बाजार का दौरा कर स्वयं कोष एकत्र किया और पड़ोसी राज्य असम के प्रभावित लोगों की मदद के लिए सभी से एकजुट होने की अपील की। इस अभियान के माध्यम से एकत्र की गई पूरी राशि असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराई जाएगी ताकि बाढ़ पीड़ित परिवारों तक समय पर आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सके।










