सिलीगुड़ी: आगामी ‘जनगणना २०२७’ की तैयारियों के तहत सिलीगुड़ी नगर निगम क्षेत्र में सुपरवाइजरों और प्रगणकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
निगम के अधिकारियों और जनगणना टीम ने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का दौरा कर संबंधित कर्मियों को जनगणना के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं ‘स्व-गणना’ का व्यावहारिक अभ्यास किया। इस प्रक्रिया से कर्मचारी ऐप के उपयोग को लेकर अधिक सहज और आत्मविश्वासी नजर आए।
इसके साथ ही, सिलीगुड़ी नगर निगम और जनगणना निदेशालय (पश्चिम बंगाल) ने सभी नागरिकों एवं निवासियों से समय पर स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
निगम के अनुसार, नागरिक ०१ अगस्त २०२६ से १५ अगस्त २०२६ के बीच अपनी स्व-गणना पूरी कर सकते हैं। गणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए स्व-गणना के बाद मिलने वाले ११ अंकों के ‘एसई आईडी’ नम्बर को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया गया है।









