ढाका: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने २०२७ क्रिकेट विश्व कप को ध्यान में रखते हुए अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास को वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। लिटन ने मेहदी हसन मिराज का स्थान लिया है। मिराज जून २०२५ से टीम की कप्तानी कर रहे थे, लेकिन इस महीने की शुरुआत में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे श्रृंखला में १-२ से हार के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया था।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सोशल मीडिया पर लिखा, “लिटन कुमार दास को बधाई। बांग्लादेश वनडे टीम के नए कप्तान।”
उल्लेखनीय है कि मिराज की कप्तानी में बांग्लादेश ने २० वनडे मैच खेलकर १० में जीत दर्ज की, जबकि ९ मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा।
लिटन बांग्लादेश टी-२० टीम के भी कप्तान हैं। अब वह वनडे टीम की भी कप्तानी करते नजर आएंगे। दाएं हाथ के बल्लेबाज लिटन ने इससे पहले भी कार्यवाहक कप्तान के रूप में वनडे टीम की अगुवाई की है। उनकी कप्तानी में बांग्लादेश ने ७ मैच खेलकर ३ में जीत हासिल की है। लिटन की नियुक्ति को २०२७ वनडे विश्व कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए बांग्लादेश क्रिकेट के लिए एक नए युग की शुरुआत माना जा रहा है।









