नई दिल्ली: भारत के अनुभवी बल्लेबाज और २०२०-२१ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी। अब वे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। पिछले सीजन में वे कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान थे। रहाणे ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में स्पष्ट किया है कि उन्होंने सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया है।
रहाणे को मेलबर्न का हीरो माना जाता है, क्योंकि २०२०-२१ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उन्होंने ऐतिहासिक शतक लगाकर आत्मविश्वास खो चुकी भारतीय टीम में नई ऊर्जा और जोश भरा था। इसके बाद भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को उन्हीं के घर में टेस्ट श्रृंखला में पराजित किया था।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करते हुए रहाणे ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा: ”कैप नंबर २७८ अब यहीं तक। सालों से मिले प्यार और समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद। मैं हमेशा आप सभी का आभारी रहूंगा। हर चीज की एक शुरुआत होती है और हर चीज का अंत भी। यही जीवन का सत्य है। जब वह समय आ जाए तो उसका सम्मान करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। बल्लेबाजी करते समय मैंने हमेशा सही टाइमिंग पर भरोसा किया और आज मुझे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सहित सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का यह सही समय लगा।”
रहाणे लंबे समय तक भारतीय टेस्ट टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक रहे। विशेष रूप से विदेशी परिस्थितियों में उनका प्रदर्शन हमेशा चर्चा में रहा। रहाणे ने ३१ अगस्त २०११ को इंग्लैंड के खिलाफ टी२० मैच के साथ भारतीय टीम में पदार्पण किया था। उन्होंने भारत के लिए ८५ टेस्ट, ९० वनडे और २० टी२० अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।
इस ३९ वर्षीय बल्लेबाज ने टेस्ट क्रिकेट में ३८.४६ की औसत से १२ शतक और २६ अर्धशतक के साथ ५०७७ रन बनाए, जिसमें १८८ रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा। वहीं, उन्होंने वनडे प्रारूप में ३५.२६ की औसत से ३ शतक और २४ अर्धशतक के साथ २९६२ रन बनाए, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर १११ रन रहा। उन्होंने टी२० अंतरराष्ट्रीय में एक अर्धशतक की मदद से ३७५ रन बनाए। इस तरह रहाणे ने तीनों प्रारूपों को मिलाकर ८००० से अधिक रन बनाए।
रहाणे २०१५ विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा २०२३ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) चक्र में वे भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे। रहाणे ने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच जुलाई २०२३ में वेस्टइंडीज के खिलाफ त्रिनिदाद टेस्ट के रूप में खेला था। उसके बाद से वे राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे थे। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में दो रणजी ट्रॉफी सत्र खेलकर राष्ट्रीय टीम में वापसी का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। अंततः लंबे इंतजार के बाद रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया।
रहाणे ने अपने आईपीएल करियर में केकेआर, चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स का प्रतिनिधित्व करते हुए २१२ मैच खेलकर ५३६७ रन बनाए। इसमें २ शतक और ३५ अर्धशतक शामिल हैं।









