ब्रिजटाउन: वेस्ट इंडीज ने बेहद रोमांचक पांचवें और अंतिम वनडे क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड को २ विकेट से हरा दिया। अंतिम मैच में हार का सामना करने के बावजूद न्यूजीलैंड ने ५ मैचों की सीरीज ३-२ से जीत ली।
किंग्स्टन ओवल मैदान पर खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित ५० ओवरों में ९ विकेट खोकर २६८ रन बनाए। जवाब में वेस्ट इंडीज ने ४७.३ ओवरों में ८ विकेट गंवाकर २६९ रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया।
वेस्ट इंडीज की इस जीत में शिमरोन हेटमायर का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए ६४ गेंदों में नाबाद ६९ रन बनाए। उन्होंने ४ छक्के और २ चौके लगाए। इसके अलावा शेरफेन रदरफोर्ड ने ६१ रनों का योगदान दिया। उन्होंने ५८ गेंदें खेलकर ५ छक्के और २ चौके लगाए। इन दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए ९५ रनों की मैच जिताऊ साझेदारी की।
अंत में लगातार गिरते विकेटों के बावजूद हेटमायर ने एक छोर संभाले रखा और टीम को रोमांचक जीत दिलाई। अन्य बल्लेबाजों में कप्तान शाई होप ने ३८, ओपनर अकीम अगस्टे ने ३४ और जस्टिन ग्रीव्स ने २२ रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजों में जैकब डफी और जेडन लेनोक्स ने ३-३ विकेट लिए।
इससे पहले मैच में बल्लेबाजी करते हुए खराब शुरुआत के बाद न्यूजीलैंड को ३ अर्धशतकों ने एक अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। इसमें विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम लाथम ने सर्वाधिक ६९ रन बनाए। उन्होंने ७१ गेंदें खेलकर ६ चौके और १ छक्का लगाया। वहीं निक केली ने ८० गेंदों में ६४ और विल यंग ने ६३ गेंदों में ५६ रनों का योगदान दिया।
केवल १६ रन पर पहला विकेट गिरने के बाद यंग और केली ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए ८६ रनों की साझेदारी की। इसके बाद केली ने लाथम के साथ भी ५४ रन जोड़े। अंतिम ओवरों में लगातार विकेट गिरने की वजह से न्यूजीलैंड उम्मीद के मुताबिक स्कोर नहीं बना सका। वेस्ट इंडीज के गेंदबाजों में विटेल लावेस और अल्जारी जोसेफ ने २-२ विकेट लिए।
हेटमायर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ५ मैचों में १४ विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के जेडन लेनोक्स को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ की ट्रॉफी मिली।









