नई दिल्ली: दो बार की चैंपियन पीवी सिंधु ने अपने असाधारण फॉर्म को बरकरार रखते हुए प्रतिष्ठित चाइना ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में प्रवेश किया। वहीं, युवा भारतीय शटलर आयुष शेट्टी ने इंडोनेशिया के दुनिया के ११वें नंबर के खिलाड़ी अल्वी फरहान को हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
सिंधु ने बुधवार को अपने ही देश की १८ वर्षीय उन्नति हुड्डा को तीन गेम तक चले मुकाबले में २१-१४, ९-२१, २१-१० से हराया। यह मैच ५६ मिनट तक चला। मैच में उन्नति ने सिंधु को कड़ी टक्कर दी, लेकिन अनुभव की कमी के कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा। दूसरे दौर में सिंधु का मुकाबला चीन की चौथी वरीयता प्राप्त और पूर्व ओलंपिक चैंपियन चेन युफेई से होगा। सिंधु ने पिछले हफ्ते जापान ओपन के दौरान युफेई को हराया था। उस मैच से मिले आत्मविश्वास का फायदा सिंधु को मिलेगा।
इसी तरह पुरुष एकल में भारत के युवा खिलाड़ी आयुष ने पूर्व विश्व जूनियर चैंपियन इंडोनेशिया के अल्वी फरहान को २१-१७, ५-२१, २१-१७ से हराया। आयुष ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए पहला गेम जीता, लेकिन दूसरे गेम में इंडोनेशियाई खिलाड़ी का दबदबा रहा। हालांकि, निर्णायक गेम में भारतीय शटलर ने संयमित प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
इस बीच युगल (डबल्स) मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। मिश्रित युगल (मिक्सड डबल्स) में रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे की जोड़ी को सीधे गेमों में हार का सामना करना पड़ा। ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी भी पहले दौर में ही बाहर हो गई। इसी तरह पुरुष युगल (मेंस डबल्स) में एमआर अर्जुन और हरिहरन अम्मासाकरुणन की जोड़ी भी हार गई।









