सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी नगर निगम (एसएमसी) के आयुक्त बीर बिक्रम राय ने शुक्रवार को शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक केंद्रों में से एक, बिधान मार्केट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां चल रहे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की और आवश्यक मर्मत-कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के कड़े निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त के साथ निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी, बिजली विभाग के कर्मी और बिधान मार्केट व्यवसायी समिति के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
आयुक्त राय ने मार्केट में चल रहे अंडरग्राउंड केबलिंग (भूमिगत तार बिछाने) कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने मछली बाजार, आंतरिक सड़कों, जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था और स्ट्रीट लाइटों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को बाजार की स्थिति में सुधार के लिए विकास कार्यों में तेजी लाने को कहा।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए आयुक्त राय ने स्पष्ट किया कि अंडरग्राउंड केबलिंग का काम पहले से ही जारी है, इसलिए इसे रोका नहीं जा सकता। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि काम के दौरान आम जनता और व्यापारियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए उन्होंने कहा कि यह काम चरणों (फेज) में किया जाएगा और निर्माण कार्य से प्रभावित हिस्सों को जल्द से जल्द ठीक किया जाएगा ताकि खरीदारों और दुकानदारों की आवाजाही सामान्य बनी रहे।










