अरुणाचल: ​ईटानगर में ‘राज्य अतिथि गृह-२’ का उद्घाटन

FB_IMG_1784291943458

पुरानी संरचना को आधुनिक रूप देकर पर्यटन बुनियादी ढांचे का विस्तार

ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने ईटानगर स्मार्ट सिटी मिशन के तहत नवनिर्मित ‘राज्य अतिथि गृह-२’ (स्टेट गेस्ट हाउस-II) का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया है। राज्य में आने वाले विशिष्ट अतिथियों और पर्यटकों को उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस सर्वसुविधा संपन्न अतिथि गृह को संचालित किया गया है।

​यह आधुनिक अतिथि गृह एक ऐतिहासिक पुरानी संरचना को नया जीवन देकर तैयार किया गया है। वर्ष १९८२ में स्थापित तत्कालीन ‘होटल दोन्यी पोलो अशोक’ के पुराने भवन की पूरी तरह से मरम्मत, सुदृढ़ीकरण (रेट्रोफिटिंग) और कायाकल्प करके उसे आकर्षक सुइट कमरों और प्रीमियम सुविधाओं से युक्त एक आधुनिक राज्य अतिथि गृह का रूप दिया गया है।
​मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “ईटानगर स्मार्ट सिटी मिशन के तहत राज्य अतिथि गृह-२ का उद्घाटन करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। इस नई सुविधा के निर्माण से हमारे अतिथियों और आगंतुकों के लिए अधिक गुणवत्तापूर्ण और आरामदायक आवास की व्यवस्था जुड़ी है।”

​इस नए आधुनिक अतिथि गृह की शुरुआत से ईटानगर के शहरी सौंदर्य में वृद्धि होगी, साथ ही राज्य के आतिथ्य सत्कार और पर्यटन क्षेत्र के विकास में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

About Author

Advertisement