सिलीगुड़ी: न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ऑनलाइन गेमिंग के जरिए बहला-फुसलाकर लाई गईं दो नाबालिग बच्चियों को सकुशल बरामद किया है। बरामद की गई बच्चियों की उम्र क्रमशः ११ और १२ वर्ष है, जो मालदा जिले की रहने वाली बताई जा रही हैं।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, १४ जुलाई २०२६ को पुलिस को एक पुख्ता सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद कार्रवाई करते हुए एनजेपी पुलिस की टीम ने थाना क्षेत्र के नौकाघाट मोड़ इलाके से दोनों बच्चियों को रेस्क्यू किया।
विदेशी भाषा की दी जा रही थी ट्रेनिंग
शुरुआती जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चियों को एक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए जाल में फंसाया गया था। उन्हें काफी समय से ऑनलाइन ही एक विदेशी भाषा की ट्रेनिंग दी जा रही थी। साथ ही, उन्हें विदेश ले जाने का झांसा देकर पूरी तरह से ग्रूम (प्रभावित) किया जा रहा था। मामला मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) से जुड़ा होने की आशंका के तहत पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
पीड़ित बच्चियों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाने की जांच टीम को सौंप दिया गया है। सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट ने इस मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। यदि कोई भी संदिग्ध मामला या बच्चा लापता होने की घटना सामने आती है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।










