​रियल मैड्रिड में लौटकर काम शुरू किया मोरिन्हो ने

IMG-20260714-WA0052

मैड्रिड: लगभग १३ साल बाद जोस मोरिन्हो ने रियल मैड्रिड के मुख्य कोच के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत की है। वाल्देबेबास ट्रेनिंग सेंटर में टीम के प्री-सीजन सत्र के साथ उन्होंने नए अभियान की शुरुआत की है। जूड बेलिंघम और किलियन एम्बाप्पे जैसे कई स्टार खिलाड़ी अभी फीफा वर्ल्ड कप में व्यस्त हैं। इसी वजह से मोरिन्हो को अभी पूरी टीम के साथ काम करने का मौका नहीं मिलेगा।
​रियल मैड्रिड टीवी से बातचीत के दौरान मोरिन्हो ने बताया कि उनकी योजना केवल पहले अभ्यास सत्र के साथ शुरू नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “मैं आज पहली बार यहाँ नहीं आया हूँ और अभी से ही सब कुछ शुरू हो रहा है। हम क्लब के अलग-अलग विभागों के साथ लंबे समय से तैयारी कर रहे हैं।”
​मोरिन्हो ने रियल मैड्रिड में वापसी को अपने लिए एक खास जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए एक मिशन की तरह है। मैं यहाँ केवल अपनी सफलता और ट्रॉफियों के बारे में सोचने नहीं आया हूँ। मेरा लक्ष्य खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और क्लब से जुड़े हर व्यक्ति को पहले से बेहतर बनाना है। मैं एक ऐसी कार्य संस्कृति (वर्क कल्चर) बनाना चाहता हूँ, जिसमें कड़ी मेहनत, जिम्मेदारी और बड़ा लक्ष्य हासिल करने की सोच होगी। रियल मैड्रिड में काम करना और रियल मैड्रिड के लिए काम करना दो अलग बातें हैं। मैं यहाँ क्लब के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आया हूँ।”
​वर्तमान परिस्थिति को बताया सकारात्मक
​मोरिन्हो ने स्वीकार किया कि यदि सभी खिलाड़ी उपलब्ध होते तो तैयारी और बेहतर होती, लेकिन उन्होंने वर्तमान परिस्थिति को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा, “सभी खिलाड़ी होते तो निश्चित रूप से अच्छा होता। लेकिन अभी मेरे पास उन खिलाड़ियों को करीब से जानने का मौका है, जिनके साथ मैं काम करूँगा। इस तरह उन्हें भी मुझे जानने और समझने का मौका मिलेगा।”
​अभ्यास सत्र में युवा खिलाड़ियों को मौका
​अधिकांश स्टार खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के कारण शुरुआती अभ्यास सत्र में रियल मैड्रिड कास्तिया (बी टीम) के कई खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। मेडिकल जांच के बाद खिलाड़ियों ने जिम और मैदान पर फिटनेस ड्रिल्स के साथ-साथ बॉल कंट्रोल और फिनिशिंग का अभ्यास किया। इसके साथ ही छोटे मैदान पर एक अभ्यास मैच भी खेला गया।
​दिग्गज कोच मोरिन्हो के आगमन के बाद रियल मैड्रिड के प्रशंसक काफी आशान्वित हैं। उल्लेखनीय है कि मोरिन्हो इससे पहले २०१० से २०१३ तक रियल मैड्रिड के मुख्य कोच के पद पर रहे थे।

About Author

Advertisement