धेमाजी/गुवाहाटी: असम में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच प्रभावित लोगों तक त्वरित मदद पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने प्रयासों को और तेज कर दिया है। इसी सिलसिले में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जोनाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक भुबोन पेगु के साथ धेमाजी जिले के माईहांग (कुलाजान) में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी मूल्यांकन करने आए केंद्रीय दल का स्वागत किया और उनके साथ स्थिति का जायजा लिया।
बाढ़ के नुकसान का सटीक आकलन करने पहुंचे इस उच्च स्तरीय केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव (केंद्र शासित प्रदेश) प्रवीण कुमार राय, वित्त मंत्रालय (व्यय विभाग) के संयुक्त निदेशक (एफसीडी) महेश कुमार और राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र के वैज्ञानिक-एसएफ डॉ. एस.वी.एस.पी. शर्मा शामिल थे।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सरमा और केंद्रीय टीम ने क्षेत्र में बाढ़ की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही, प्रभावित इलाकों में चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों का आकलन करते हुए प्रभावितों के पुनर्वास और बुनियादी ढांचे की मरम्मत के प्रयासों पर भी गहन चर्चा की।
मुख्यमंत्री सरमा ने इस संबंध में अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि सरकार बाढ़ प्रभावित हर नागरिक तक हरसंभव सहायता पहुंचाने और स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित है।










