कोलकाता: पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बहुत बड़ा निजी निवेश आने जा रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को घोषणा की कि अदाणी समूह न्यू टाउन में २००० बेड का अत्याधुनिक अस्पताल स्थापित करेगा। भवानीपुर में नागरिक समाज और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि समूह ने इस परियोजना के लिए लिखित प्रतिबद्धता दे दी है। इस अस्पताल में १००० बेड गरीब मरीजों के लिए आरक्षित रहेंगे, जबकि शेष १००० बेड का व्यावसायिक उपयोग किया जाएगा। उन्होंने उद्योगपतियों से ठोस प्रस्तावों के साथ आगे आने का आग्रह करते हुए कहा कि नई सरकार राज्य में निवेश और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और इसके लिए भूमि, सिंगल विंडो व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि निवेश के लिए सबसे मजबूत और पहली जरूरत एक बेहतर कानून-व्यवस्था होती है। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि उद्योगों के कामकाज में किसी भी तरह की असामाजिक बाधा को सरकार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी और सभी को पूरी तरह सुरक्षित माहौल मिलेगा। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल नहीं था, जिससे निवेश अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सका और पहले आयोजित व्यापार सम्मेलनों में केवल बड़े निवेश समझौतों की घोषणा हुई, लेकिन वास्तविक निवेश काफी कम रहा। शुभेंदु ने कहा कि राज्य पर कर्ज का बोझ और सामाजिक योजनाओं की जिम्मेदारियों के बावजूद सरकार ने बजट में उद्योगों के लिए भूमि आवंटन, सिंगल विंडो प्रणाली तथा १०० करोड़ रुपये से अधिक निवेश करने वाले उद्यमों के लिए लाइसेंस संबंधी कई रियायतें दी हैं और अगले बजट में इसे और बढ़ाया जाएगा।









