गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर तस्वीरों के साथ एक पोस्ट साझा करते हुए ड्रग तस्करों के खिलाफ असम पुलिस द्वारा की गई बड़ी कार्रवाई की जानकारी दी है। “यह बिजनेस है” का दावा करने वाले तस्करों को असम पुलिस ने दो टूक जवाब देते हुए कहा है, “असम में ऐसा धंधा बिल्कुल नहीं चलेगा।”
पुलिस के एक विशेष अभियान के दौरान श्रीभूमि और कछार जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब १३ करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ बरामद करने में सफलता हासिल की है। बरामद की गई खेप में ४९,८०० याबा टैबलेट और ५३५ ग्राम हेरोइन शामिल है। इस अवैध कारोबार में संलिप्तता के आरोप में पुलिस ने ६ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
मुख्यमंत्री ने ड्रग्स के अवैध कारोबार के खिलाफ कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर बिजनेस ही करना है, तो सरकार की वैध योजनाओं को चुनें, न कि ड्रग्स तस्करी को। असम को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ पुलिस का यह अभियान लगातार जारी है।










