नेत्र बिक्रम बिमली
फीफा विश्व कप २०२६ के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में डीआर कांगो को हराकर इंग्लैंड ने टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल (अंतिम १६) में अपनी जगह पक्की कर ली है। बुधवार को खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने डीआर कांगो पर २-१ से एक कठिन लेकिन महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। मैच की शुरुआत से ही डीआर कांगो ने इंग्लैंड पर काफी दबाव बनाए रखा था, जिसका फायदा उठाते हुए खेल के ७वें मिनट में ही ब्रायन सिपेंगा ने गोल कर अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिला दी। पहले हाफ में पिछड़ने के बाद इंग्लैंड की टीम ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी की और आक्रामक खेल दिखाया।
इंग्लैंड की इस जीत में उनके कप्तान हैरी केन सबसे बड़े हीरो साबित हुए। मैच के ७५वें मिनट में हैरी केन ने एक बेहतरीन गोल करके मुकाबले को १-१ की बराबरी पर ला खड़ा किया। इसके बाद खेल के ८६वें मिनट में उन्होंने एक और शानदार गोल दागकर टीम को २-१ की निर्णायक बढ़त दिला दी। निर्धारित समय के बाद जोड़े गए अतिरिक्त ६ मिनटों में डीआर कांगो की टीम वापसी की पूरी कोशिश के बावजूद गोल नहीं कर सकी और इंग्लैंड ने मैच अपने नाम कर लिया। अब प्री-क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड का सामना मेक्सिको से होगा, जिसने इक्वाडोर को हराकर अंतिम १६ में जगह बनाई है।
इसके साथ ही विश्व कप के अन्य मुकाबलों में भी कई दिलचस्प नतीजे देखने को मिले हैं। पूरे २८ साल बाद विश्व कप में वापसी करने वाली नॉर्वे की टीम और मोरक्को भी अपने-अपने मैच जीतकर अंतिम १६ में प्रवेश करने में सफल रहे हैं। दूसरी ओर, इस बार विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन करने के बाद नीदरलैंड की टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गई है।










