५ साल पहले खोया फोन भी मालिक को मिला
सिलीगुड़ी: एक बड़ी सफलता के तहत भक्तिनगर थाना पुलिस ने गुम और चोरी हुए ३२ मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए हैं। इस अभियान की सबसे खास बात यह रही कि पुलिस ने तकनीकी जांच के सहारे एक ऐसा मोबाइल भी ढूंढ निकाला, जो पूरे पांच साल पहले गायब हुआ था।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भक्तिनगर थाने की सादे कपड़ों वाली विशेष टीम ने व्यापक जांच और तकनीकी विश्लेषण के बाद इन मोबाइलों को बरामद किया है। बरामद फोन में से एक फोन देवेश सेन गुप्ता का था, जिनका मोबाइल पांच साल पहले पायल सिनेमा के पास खो गया था। उन्होंने उस समय भक्तिनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन समय बीतने के साथ वह फोन मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे। पांच साल बाद अपना फोन वापस पाकर देवेश की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
हाल के महीनों में भक्तिनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोबाइल चोरी, छिनैती और गुमशुदगी की कई शिकायतें दर्ज की गई थीं। इन शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी इनपुट्स का उपयोग करके इन उपकरणों को ट्रैक किया। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सोमवार को सभी ३२ मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंप दिए गए, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।










