नई दिल्ली: भारत के शीर्ष टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल ने रोमानिया के टार्गु मुरेस में आयोजित ‘इण्टारो ओपन क्ले कोर्ट टूर्नामेंट’ का खिताब अपने नाम कर लिया है। बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में नागल ने फ्रांस के क्वालिफायर फेलिक्स बालशा को सीधे सेटों में ६-३, ७-५ से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही उन्होंने दो साल के लंबे अंतराल के बाद अपनी पहली एटीपी चैलेंजर ट्रॉफी जीती है।
इससे पहले, सुमित नागल ने जून २०२४ में जर्मनी में आयोजित हेलब्रोन चैलेंजर का खिताब जीता था।
२८ वर्षीय भारतीय खिलाड़ी के करियर का यह कुल सातवां एटीपी चैलेंजर एकल खिताब है, जबकि क्ले कोर्ट पर यह उनकी पांचवीं ट्रॉफी है।
रोमानिया में इस खिताबी जीत के बाद नागल को ७५ एटीपी रेटिंग अंक हासिल हुए हैं, जिससे सोमवार को जारी होने वाली नई विश्व रैंकिंग में उनके स्थान में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है। इसके साथ ही चैंपियन के रूप में उन्होंने १५,५१० यूरो की पुरस्कार राशि भी अपनी झोली में डाली।









