नयी दिल्ली; फ्रांस के पूर्वी हिस्से में स्थित टमब्लेन के समीप रविवार को एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी ११ लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों के हवाले से मीडिया रिपोर्टों में पुष्टि की गई है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान का उपयोग स्काईडायविंग गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।प्राथमिक विवरण के अनुसार, विमान में एक पायलट, पांच प्रशिक्षु (ट्रेनी) और पांच प्रशिक्षक (इंस्ट्रक्टर) सवार थे। मलबे से किसी को भी जीवित नहीं निकाला जा सका और सभी यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद, फ्रांसीसी सुरक्षा एजेंसियों ने हवाई अड्डे के आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया है और बचाव व जांच दल को काम पर लगा दिया है। आम जनता से इस प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की गई है।इस बीच, फ्रांस के आंतरिक मंत्रालय ने बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्री लॉरेंट नुनेज स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और विमानन अधिकारियों द्वारा विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।










