वैंकूवर: बेल्जियम ने दूसरे हाफ में गोलों की बौछार करते हुए फीफा वर्ल्ड कप २०२६ के नॉकआउट दौर में प्रवेश कर लिया। शनिवार सुबह कनाडा के बीसी प्लेस वैंकूवर में खेले गए ग्रुप जी के मैच में बेल्जियम ने न्यूजीलैंड को ५-१ से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ बेल्जियम ३ मैचों में ५ अंकों और बेहतर गोल अंतर के आधार पर ग्रुप विजेता बन गया।
इस मैच में यूरोपीय महाशक्ति के आगे न्यूजीलैंड की एक न चली। मैच में ५५ प्रतिशत पजेशन (गेंद पर नियंत्रण) के साथ खेलने वाली बेल्जियम की ओर से लिएंड्रो ट्रॉसार्ड ने २ गोल किए। आर्सेनल के इस फॉरवर्ड ने २८वें मिनट में टीम के लिए गोल का खाता खोला। मैच के मध्यांतर (हाफ-टाइम) तक बेल्जियम के पास केवल १ गोल की बढ़त थी, लेकिन टीम ने बाकी बचे समय में ४ और गोल दागकर मैच को एकतरफा बना दिया।
ट्रॉसार्ड ने ५०वें मिनट में अपना व्यक्तिगत दूसरा गोल कर बढ़त को दोगुना कर दिया। बेल्जियम के लिए मैच का तीसरा गोल दिग्गज मिडफील्डर केविन डी ब्रुइन ने ६६वें मिनट में किया। बेल्जियम के लिए बाकी के २ गोल स्थानापन्न (सब्स्टीट्यूट) खिलाड़ियों ने किए। स्टार फॉरवर्ड रोमेलु लुकाकु ने ८६वें मिनट में और एलेक्सिस सेलेमेकर्स ने इंजुरी टाइम के चौथे मिनट में गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की।
मैच के अधिकांश समय दबाव में रहने वाली न्यूजीलैंड की ओर से एलिजाह जस्ट ने ८४वें मिनट में एकमात्र सांत्वना गोल किया। इस हार के साथ ही न्यूजीलैंड वर्ल्ड कप २०२६ के ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया।










