सात चीनी नागरिक गिरफ्तार, भारतीय ऐप्स से कर रहे थे लेनदेन
काठमांडू: नेपाल के रूपन्देही जिला पुलिस कार्यालय ने क्रिप्टो करेंसी के अवैध कारोबार में शामिल होने के आरोप में सात चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। विभिन्न ऐप्स और वेबसाइटों के माध्यम से डिजिटल मुद्रा का गैरकानूनी रूप से कारोबार होने की खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने छापा मारकर शुक्रवार सुबह इन सभी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्त रूपन्देही के बुटवल में एक किराए के मकान में रहकर इस अवैध नेटवर्क को चला रहे थे। जांच में यह बात सामने आई है कि ये चीनी नागरिक अंतरराष्ट्रीय क्रिप्टो एक्सचेंज प्लेटफॉर्म जैसे कि बिनेंस और ओकेएक्स के साथ-साथ भारतीय डिजिटल वॉलेट और पेमेंट गेटवे ऐप्स जैसे पेटीएम, भीम, मोबिक्विक और फोनपे के जरिए अवैध लेनदेन कर रहे थे।
पुलिस ने गिरफ्तार चीनी नागरिकों की पहचान साझा करते हुए बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों में ४९ वर्षीय छियोंग गोफू, ४३ वर्षीय हू गांग, ४५ वर्षीय ली छुहेन्य, ३६ वर्षीय सुन हुई, ३५ वर्षीय जाओ क्वीचेन, ३२ वर्षीय छियांग जियासुंग और ४५ वर्षीय ली बिन शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ नेपाल के विदेशी मुद्रा विनिमय (नियमित करने वाला) अधिनियम और प्रचलित कानूनों के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और गहन जांच शुरू कर दी गई है।











