नई दिल्ली: पनामा ने फीफा वर्ल्ड कप २०२६ के लिए अपनी २६ सदस्यीय अंतिम टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में जोस कॉर्डोबा को भी शामिल किया गया है। २४ वर्षीय डिफेंडर कॉर्डोबा इंग्लिश प्रीमियर लीग क्लब नॉर्विच सिटी के लिए खेलते हैं और वे टीम में इंग्लैंड में खेलने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। फीफा वर्ल्ड कप में पनामा को ग्रुप ‘एल’ में रखा गया है, जहाँ उसका मुकाबला इंग्लैंड, क्रोएशिया और घाना से होगा। इंग्लैंड के खिलाफ पनामा का मैच २७ जून को खेला जाएगा। वर्ल्ड कप में पनामा की यह दूसरी भागीदारी है। इससे पहले टीम ने साल २०१८ में पहली बार वर्ल्ड कप खेला था।
पनामा की इस वर्ल्ड कप टीम में गोलकीपर के रूप में ऑरलैंडो मोस्केरा, लुइस मेजिया और सीज़र सैमुडियो को शामिल किया गया है। टीम के डिफेंडरों में सीज़र ब्लैककैन, जॉर्ज गुतिएरेज़, आमिर मुरिलो, फिडेल एस्कोबार, एंड्रेस एंड्राडे, एडगार्डो फरीना, जोस कॉर्डोबा, एरिक डेविस, जियोवानी रामोस और रोडरिक मिलर मौजूद हैं।
मिडफील्ड की जिम्मेदारी अनिबाल गोडॉय, एडालबर्टो कैरास्क्विला, कार्लोस हार्वे, क्रिस्टियन मार्टिनेज, जोस लुइस रोड्रिगेज, सीज़र यानिस, योएल बार्सेनास और अल्बर्टो क्विंटरो को सौंपी गई है। वहीं फारवर्ड लाइन में इस्माइल डियाज़, सेसिलियो वॉटरमैन, जोस फजार्डो और थॉमस रोड्रिगेज टीम के आक्रमण को संभालेंगे।









