नई दिल्ली: भारत को यूनिटी कप २०२६ फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में जमैका के खिलाफ ०-२ से हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड की धरती पर २४ साल बाद खेल रही भारतीय टीम ने मैच में अपना पूरा जोर लगाया, लेकिन वे कैरेबियाई देश को जीत हासिल करने से नहीं रोक सके। लंदन के ‘द वैली’ स्टेडियम में बुधवार देर रात खेले गए इस मैच में विश्व रैंकिंग में ७१वें स्थान पर मौजूद जमैका ने दोनों हाफ में एक-एक गोल दागे। जमैका की ओर से कोर्टनी क्लार्क ने मैच के 8वें मिनट में और काहिल डिक्सन ने ७८वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को जीत दिलाई।
फीफा रैंकिंग में फिलहाल १३६वें स्थान पर काबिज भारतीय टीम ने इस मैच में कुछ युवा खिलाड़ियों को मौका दिया, जिनमें नौफल पीएन और रिकी शाबोंग भी शामिल हैं। इस जीत के साथ जमैका अब ३० मई को खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में मजबूत नाइजीरियाई टीम का सामना करेगा। नाइजीरिया ने पहले सेमीफाइनल में जिम्बाब्वे को २-० से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। वहीं, भारतीय टीम उसी दिन तीसरे स्थान (थर्ड प्लेस प्ले-ऑफ) के लिए खेले जाने वाले मुकाबले में जिम्बाब्वे से भिड़ेगी।








