​एलिमिनेटर में हार के बावजूद कप्तान पैट कमिंस ने की टीम की तारीफ

IMG-20260528-WA0054

मुल्लांपुर: आईपीएल २०२६ के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ ४७ रनों से हारकर सनराइजर्स हैदराबाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई। बुधवार को खेले गए इस मैच में सनराइजर्स को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में कड़ा संघर्ष करना पड़ा। मैच हारने के बावजूद सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस ने अपनी टीम का समर्थन किया और खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। कमिंस ने राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी की भी सराहना की।
​कमिंस ने कहा कि पिच अच्छी थी और वैभव ने असाधारण बल्लेबाजी की। वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। ऐसी पिच पर वैभव जैसे बल्लेबाज के सामने गलती करना बहुत भारी पड़ता है। यॉर्कर की लेंथ में थोड़ी सी भी चूक होने पर वह शॉट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार रहते हैं।
​सनराइजर्स के कप्तान ने टीम के युवा गेंदबाजों और कोचिंग स्टाफ की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस सीजन में टीम ने कई नए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मौका दिया। हमारे पास एक बेहद संतुलित टीम है, जिसमें प्रफुल्ल और साकिब ने असाधारण प्रदर्शन किया। प्लेऑफ में पहुंचने वाली सबसे युवा टीमों में हम भी शामिल हैं और हमारे कोचिंग स्टाफ ने बेहतरीन काम करते हुए नई प्रतिभाओं को तराश कर सामने लाया।
​जीत के लिए २४५ रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके शीर्ष तीन बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सके। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा तो खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद ट्रैविस हेड १७ रन और ईशान किशन ३३ रन बनाकर आउट हो गए। इस पर कमिंस ने कहा कि इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय बहुत सी चीजों का सही होना जरूरी होता है, लेकिन हमने गलत समय पर अपने विकेट गंवाए। हम शीर्ष-२ में जगह बनाने से बेहद मामूली अंतर से चूक गए, लेकिन खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत पर कोई संदेह नहीं किया जा सकता।

About Author

Advertisement