नक्सलबाड़ी: पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी महकमे के अंतर्गत नक्सलबाड़ी ग्रामीण अस्पताल में एक नवजात शिशु की मौत की घटना को लेकर रातभर भारी हंगामा हुआ। पीड़ित परिवार ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
आरोप के मुताबिक, स्टेशन पाड़ा की रहने वाली एक गर्भवती महिला को बीते बुधवार देर शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन प्रसव पीड़ा होने के बावजूद डॉक्टरों ने उस महिला पर कोई ध्यान नहीं दिया। आखिरकार मजबूरी में महिला ने अस्पताल परिसर में ही शिशु को जन्म दे दिया।
बताया जा रहा है कि जन्म के बाद शिशु रोया भी था, लेकिन कुछ ही समय में उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उन्हें निलंबित करने की मांग करते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है।










