लॉस एंजिल्स: भारत के स्टार लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने एक बार फिर असाधारण प्रदर्शन किया है। लॉस एंजिल्स में आयोजित एलए ट्रैक फेस्टिवल में गुलवीर ने पुरुषों की ५,००० मीटर दौड़ में रजत पदक जीतने के साथ ही अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। गुलवीर ने १३ मिनट ०३.९३ सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में इरिट्रिया के हबतोम सैमुअल ने १२ मिनट ५७.२२ सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।
भारतीय धावक ने अपना पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड (१३ मिनट ११.८२ सेकंड) तोड़ दिया, जो उन्होंने सितंबर २०२४ में जापान में बनाया था। गुलवीर सिंह की इस उपलब्धि पर भारतीय सेना ने भी गर्व व्यक्त किया है। इंडियन आर्मी स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर ने सोशल मीडिया पर लिखा है, “भारतीय सेना के खिलाड़ी ने एक बार फिर वैश्विक मंच पर असाधारण प्रदर्शन किया। नायब सूबेदार गुलवीर सिंह ने लॉस एंजिल्स ट्रैक फेस्ट में पुरुषों की ५,००० मीटर दौड़ में रजत पदक जीतते हुए १३:०३:९३ का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने अपना ही पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर भारतीय लंबी दूरी की दौड़ को एक नई पहचान दी है। गुलवीर अनुशासन, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ भारतीय एथलेटिक्स को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। आगामी खेल सत्र के लिए शुभकामनाएं।”
गुलवीर अभी अमेरिका के कोलोराडो स्प्रिंग्स में अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने ३,००० मीटर से लेकर २५ किलोमीटर रोड रेस तक कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए हैं। उनके नाम 3000 मीटर, ५,००० मीटर और १०,००० मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। इसके अलावा, वह ५,००० मीटर और १०,००० मीटर के वर्तमान एशियाई चैंपियन भी हैं।











