टीएमसी काउंसिलर संजय दास की संदिग्ध मौत

aditi-munshi-and-sanjay-das

घर में फंदे से लटका मिला शव, सियासी गलियारे में हड़कंप

कोलकाता: शहस के दक्षिण दमदम में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के काउंसिलर संजय दास की अस्वाभाविक मौत से राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। शनिवार सुबह उनके आवास पर फंदे से लटका हुआ शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
​पुलिस की शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन घटना के पीछे एक के बाद एक कई संभावित कारण सामने आ रहे हैं, जो इस पूरे घटनाक्रम को और अधिक रहस्यमय बना रहे हैं। संजय दास स्थानीय राजनीति का एक रसूखदार चेहरा थे और उन्हें देवराज चक्रवर्ती व अदिति मुंशी का बेहद करीबी माना जाता था।
​चुनाव के बाद लगे थे विरोध में पोस्टर
हालिया चुनाव के बाद से ही इलाके में संजय दास के खिलाफ कई पोस्टर लगाए गए थे। इन पोस्टरों में उन पर अवैध रूप से जमीन कब्जाने के आरोप लगाते हुए जमीन वापस करने की मांग की गई थी। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि इन विवादों को लेकर उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही थीं।
​सूत्रों का दावा है कि हाल के दिनों में उनसे बड़ी रकम की मांग भी की गई थी। कुछ स्थानीय नेताओं का आरोप है कि यह दबाव उन लोगों की तरफ से बनाया जा रहा था, जो हाल ही में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। हालांकि, इन दावों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
​संभावित गिरफ्तारी और मानसिक अवसाद
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही कई नेताओं पर कानूनी शिकंजा कसना शुरू हो चुका है, जिससे संजय दास भी काफी तनाव में थे। माना जा रहा है कि संभावित गिरफ्तारी और पुराने मामलों के उजागर होने की आशंका ने उनके मानसिक तनाव को चरम पर पहुंचा दिया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वे पिछले कुछ समय से गहरे अवसाद (डिप्रेसन) से गुजर रहे थे।
​इसी बीच, नगर निगम से जुड़े ठेकों और उनके कथित लेन-देन को लेकर भी कयासों का बाजार गर्म है। कुछ लोगों का मानना है कि इन मामलों के खुलने का डर ही उनके मानसिक दबाव का मुख्य कारण बना। हालांकि, पार्टी के भीतर का एक धड़ा इन सभी दावों से पूरी तरह इत्तेफाक नहीं रखता।
​शनिवार सुबह घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिसिया तफ्तीश में क्या सच्चाई सामने आती है और क्या यह सिर्फ एक आत्महत्या है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है।

About Author

Advertisement