नई दिल्ली: हॉकी इंडिया ने २६ से ३० मई तक पर्थ में खेली जाने वाली ४ मैचों की सीरीज के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा की। ये मैच २६, २७, २९ और ३० मई को खेले जाएंगे। भारतीय टीम का यह दौरा जून में ऑकलैंड में होने वाले एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप २०२५-२६ की तैयारियों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहेगा। अनुभवी मिडफील्डर सलीमा टेटे को टीम का कप्तान बनाया गया है। सलीमा ने भारत को २०२२ कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। टीम में सविता पूनिया, सुशीला चानू, लालरेमसियामी और नवनीत कौर जैसी अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कुछ युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है। ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चयनकर्ताओं ने कई युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। सोनम, हिना बानो और लालथन्तलुआंगी जैसी युवा खिलाड़ियों को टीम में स्थान मिला है। डिफेंस में शिल्पी डबास और लालथन्तलुआंगी को पहली बार सीनियर टीम में जगह मिली है। वहीं, दीपिका सोरेंग और सोनम अभी अपने अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का इंतजार कर रही हैं। गोलकीपिंग की जिम्मेदारी अनुभवी सविता और बीचू देवी खारीबाम पर होगी। इसी तरह डिफेंस में निक्की प्रधान, इशिका चौधरी, सुशीला चानू और ज्योति जैसी खिलाड़ी रहेंगी। फॉरवर्ड लाइन की कमान नवनीत कौर संभालेंगी। उनके साथ बलजीत कौर, दीपिका, अन्नू, इशिका और हिना बानो जैसी खिलाड़ी शामिल हैं। टीम को उम्मीद है कि नवनीत अपनी असाधारण गोल स्कोरिंग फॉर्म को जारी रखेंगी। टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने टीम चयन के बाद कहा कि कुछ खिलाड़ियों को पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा। खिलाड़ियों के विकास के लिए दबाव वाले मैचों में खेलना जरूरी होता है। मुझे विश्वास है कि खिलाड़ी इस मौके का पूरा फायदा उठाएंगे।










