कोलकाता: मुर्शिदाबाद किंग्स ने बारासात स्थित आदित्य एकेडमी माध्यमिक विद्यालय में अपने तीसरे सीजन के क्रिकेट ट्रायल्स का सफल आयोजन किया। इस ट्रायल में पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवा क्रिकेटरों में भारी उत्साह और जबरदस्त प्रतिसाद देखने को मिला।
सैकड़ों युवा खिलाड़ियों ने बल्लेबाज, गेंदबाज और ऑलराउंडर के रूप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन टीम प्रबंधन और कोचिंग स्टाफ के सामने किया। पूरे दिन चले इस ट्रायल का आयोजन अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
फ्रेंचाइजी की दीर्घकालिक योजना के तहत इस ट्रायल का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर से उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना था।
ट्रायल के समापन के बाद मुर्शिदाबाद किंग्स के सह-मालिक प्रतीक जालान ने कहा कि इस सीजन के ट्रायल में जो भारी प्रतिसाद और प्रतिभा की गुणवत्ता देखने को मिली है, वह बंगाल क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
उन्होंने कहा कि टीम युवा क्रिकेटरों को आगे बढ़ने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं सह-मालिक यश जैन ने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति और उनका उत्साह उम्मीदों से कहीं अधिक था। स्काउटिंग टीम ने पहले ही कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर ली है और तीसरे सीजन के लिए मजबूत टीम बनाने की तैयारी जारी है।
मुर्शिदाबाद किंग्स और क्वीन्स के बारे में बताया गया कि यह फ्रेंचाइजी बंगाल प्रीमियर टी-२० लीग का हिस्सा है, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों का प्रतिनिधित्व करती है। इस फ्रेंचाइजी का स्वामित्व एक व्यावसायिक इकाई के पास है, जो दो प्रतिष्ठित व्यावसायिक समूहों के संयुक्त सहयोग से गठित है।










