नक्सलबाड़ी: नक्सलबाड़ी क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ यौन दुर्व्यवहार करने के आरोप में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तारित घोष के रूप में की गई है। रविवार को हुई इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में काफी रोष है। पीड़ित परिवार की तत्परता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित नाबालिग लड़की रविवार को कुछ कॉस्मेटिक्स (सौंदर्य सामग्री) खरीदने के लिए एक दुकान पर गई थी। दुकान पर उस वक्त कोई और मौजूद नहीं था। आरोप है कि दुकानदार तारित घोष ने नाबालिग लड़की को अकेला पाकर नियत बिगाड़ ली और उसके साथ बेहद अनुचित और अश्लील व्यवहार किया। इस हरकत से सहमी पीड़िता तुरंत अपने घर पहुंची और रोते हुए परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। घटना की गंभीरता को देखते हुए परिवार ने देर शाम नक्सलबाड़ी थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों की लिखित शिकायत मिलते ही नक्सलबाड़ी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुकानदार तारित घोष को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण देने वाले कड़े कानून यानी पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी घोष को सोमवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है, जहां से मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया को बढ़ाया जा रहा है।









