कोलकाता: कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के स्पिनर सुनील नरेन ने इतिहास रच दिया है। शनिवार को ईडन गार्डन्स में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैदान पर उतरने के साथ ही उन्होंने अपना २००वां आईपीएल मैच पूरा कर लिया। इसके साथ ही वह आईपीएल में २०० मैच खेलने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। नरेन अपनी फ्रेंचाइजी की ओर से २०० मैच खेलने वाले भी पहले खिलाड़ी हैं। वह २०१२ में केकेआर में शामिल हुए थे और तब से इसी फ्रेंचाइजी के लिए लगातार खेल रहे हैं। नरेन टीम के मैच विनर खिलाड़ी हैं। टीम को २०१२, २०१४ और २०२४ में आईपीएल चैंपियन बनाने में त्रिनिदाद एंड टोबैगो के इस खिलाड़ी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अपनी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी से विपक्षी टीम की चिंता बढ़ाने वाले नरेन एक उपयोगी बल्लेबाज भी हैं। नरेन ने आईपीएल में २०० मैच खेलकर २०५ विकेट लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने १६५.३० के स्ट्राइक रेट से १८२० रन भी बनाए हैं, जिसमें एक शतक और ७ अर्धशतक शामिल हैं। नरेन आईपीएल में सर्वाधिक विकेट लेने वाले विदेशी गेंदबाज भी हैं। वह आईपीएल के सबसे सफल गेंदबाजों की सूची में युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार के बाद तीसरे स्थान पर हैं।
आईपीएल में केकेआर की तरफ से नरेन के बाद दूसरा सर्वाधिक १३३ मैच आंद्रे रसेल ने खेला है। इस सूची में गौतम गंभीर १०८ मैचों के साथ तीसरे, युसूफ पठान १०६ मैचों के साथ चौथे और वरुण चक्रवर्ती ९२ मैचों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। इसी तरह आईपीएल में सर्वाधिक मैच खेलने वाले विदेशी खिलाड़ियों की सूची में नरेन के बाद कायरन पोलार्ड १८९ मैचों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। एबी डीविलियर्स और डेविड वॉर्नर १८४-१८४ मैचों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। ड्वेन ब्रावो १६१ मैचों के साथ चौथे और फाफ डु प्लेसिस १५४ मैचों के साथ पांचवें स्थान पर रहे हैं।









