रियाद: सऊदी क्लब अल-नस्र और फुटबॉल सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए शनिवार की रात बेहद निराशाजनक साबित हुई। एएफसी चैंपियंस लीग टू के फाइनल में जापान के क्लब गाम्बा ओसाका ने अल-नस्र को १-० से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस हार के बाद रोनाल्डो काफी निराश दिखाई दिए और उन्होंने रनर-अप पदक लेने से भी इनकार कर दिया।
रियाद के अल-अव्वल पार्क में खेले गए इस फाइनल मुकाबले में ६७ प्रतिशत बॉल पजेशन रखने वाली अल-नस्र टीम ने विरोधी टीम पर लगातार दबाव बनाया, लेकिन गोल करने में सफल नहीं हो सकी। इसी बीच मैच के २९वें मिनट में तुर्की के फारवर्ड डेनीज हम्मेत ने बॉक्स के भीतर से शानदार गोल कर जापानी क्लब को बढ़त दिला दी। गोल के बाद लंबी वीएआर जांच हुई, लेकिन अंततः गोल को मान्यता दे दी गई।
मैच के बाद हम्मेत ने कहा, “मैच का एकमात्र गोल कर टीम की मदद कर पाने से मैं बेहद खुश हूं। दूसरे हाफ में हम थोड़े नर्वस थे, लेकिन आखिरकार जीत हासिल कर ली। यही सबसे महत्वपूर्ण बात है। मुझे अपने साथियों पर गर्व है।”
अल-नस्र के स्टार खिलाड़ियों ने मैच में कई मौके बनाए, लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। पहले हाफ के अंत में रोनाल्डो के पास गोल करने का शानदार अवसर था, लेकिन जोआओ फेलिक्स के क्रॉस पर लगाया गया उनका हेडर गोलपोस्ट के बाहर चला गया। इसके बाद मैच खत्म होने से १३ मिनट पहले फेलिक्स का लंबी दूरी से लगाया गया जोरदार शॉट पोस्ट से टकराकर वापस आ गया।
इसके अलावा गाम्बा ओसाका की मजबूत डिफेंस लाइन ने अल-नस्र के आक्रमण को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। फाइनल में हार के बाद रोनाल्डो बेहद निराश नजर आए। मैच समाप्त होने के बाद वह रनर-अप मेडल लेने भी नहीं गए।
रोनाल्डो दिसंबर २०२२ में अल-नस्र क्लब से जुड़े थे, लेकिन अब तक वह क्लब को कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय खिताब नहीं दिला सके हैं। इस हार ने अल-नस्र और रोनाल्डो को बड़ा झटका दिया है, हालांकि टीम के पास अभी भी सऊदी प्रो लीग का खिताब जीतने का मौका मौजूद है।
लीग तालिका में अल-नस्र फिलहाल ३३ मैचों में ८३ अंक के साथ शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। उसके पास दूसरे स्थान पर मौजूद अल-हिलाल से २ अंक की बढ़त है। अल-नस्र अब गुरुवार को दमाक के खिलाफ अपना अंतिम लीग मुकाबला खेलेगा। यदि टीम उस मैच में जीत दर्ज करती है, तो क्लब २०१९ के बाद पहली बार सऊदी प्रो लीग का खिताब जीतने में सफल होगा।










