बागडोगरा: बागडोगरा के बेंगडुबी सेना छावनी में एक संदिग्ध बांग्लादेशी युवक को सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम कौशिक विश्वास बताया गया है।
सूत्रों के अनुसार, छावनी के भीतर रेलवे वैगन में प्रवेश करने की कोशिश करते समय सेना की त्वरित प्रतिक्रिया टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसके बयानों में असंगति पाई गई। इसके बाद उसे बागडोगरा पुलिस को सौंप दिया गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद वह प्रतिबंधित क्षेत्र में कैसे घुसा, इसको लेकर सेना की खुफिया एजेंसियां जांच कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी बेंगडुबी सेना छावनी क्षेत्र से कई बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार व्यक्ति को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की जांच जारी है।










