पश्चिम बंगाल में सुरक्षा में फेरबदल: ममता बनर्जी की सुरक्षा यथावत, अभिषेक की ‘जेड प्लस’ सुरक्षा हटाई गई

mamatabanerjee398_060611075000

काेलकाता: ​पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के साथ ही प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और नई सरकार ने सुरक्षा प्रोटोकॉल में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ‘जेड प्लस’ सुरक्षा व्यवस्था में कोई कटौती नहीं की जाएगी। शुभेन्दु ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ममता बनर्जी न केवल एक वरिष्ठ राजनेता हैं, बल्कि उन्होंने तीन बार राज्य का नेतृत्व किया है, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कोलकाता पुलिस को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा है ताकि पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा घेरे में किसी भी प्रकार की चूक की गुंजाइश न रहे।
​प्रशासन का यह नरम रुख जहां ममता बनर्जी के लिए दिखा, वहीं दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा में बड़ी कटौती की गई है। राज्य सरकार ने अभिषेक बनर्जी को मिली ‘जेड प्लस’ सुरक्षा को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है, जिसे सत्ता परिवर्तन के बाद एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। इस बीच, विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद तृणमूल कांग्रेस ने अपनी रणनीति बदलना शुरू कर दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, ममता और अभिषेक बनर्जी ने अपनी सोशल मीडिया और इंटरनेट टीम के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की है, जिसमें संगठन की छवि को नए सिरे से गढ़ने और जनता के बीच अपनी पैठ फिर से मजबूत करने की रूपरेखा तैयार की गई है।

About Author

Advertisement