थाईलैंड ओपनः श्रीकांत और सिंधु की शानदार शुरुआत

IMG-20260513-WA0097

बैंकॉक: भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत और पीवी सिंधु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए थाईलैंड ओपन सुपर ५०० बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बना ली है।
पूर्व विश्व नंबर एक श्रीकांत ने पुरुष एकल मुकाबले में सिंगापुर के आठवीं वरीयता प्राप्त लो कीन यू को सीधे गेमों में २१–१४, २१–१५ से हराया। अनुभवी श्रीकांत ने पूरे मैच में बेहतरीन नियंत्रण बनाए रखते हुए प्रभावशाली खेल दिखाया और अपने प्रतिद्वंद्वी को वापसी का मौका नहीं दिया। अब दूसरे दौर में उनका सामना चीनी ताइपे के सू ली यांग से होगा।
वहीं, दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने महिला एकल में चीनी ताइपे की तुंग सियाओ तोंग को आसानी से पराजित किया। भारतीय शटलर ने मुकाबला २१–९, २१–१२ से अपने नाम किया। सिंधु ने अपने अनुभव और आक्रामक खेल के दम पर मैच में पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। दूसरे दौर में सिंधु का मुकाबला डेनमार्क की अमेली शुल्ज से होगा।
हालांकि टूर्नामेंट में अन्य भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। हाल ही में बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के फाइनल तक पहुंचे आयुष शेट्टी को जापान के छठी वरीयता प्राप्त कोडाई नराओका के खिलाफ १३–२१, २१–१७, ४–२१ से हार का सामना करना पड़ा।
इसी तरह तरुण मन्नेपल्ली भी जापान के कोकी वतानाबे से १२–२१, १६–२१ से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
महिला एकल में युवा भारतीय खिलाड़ी उन्नति हुड्डा को स्थानीय खिलाड़ी और चौथी वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग ने ११–२१, २१–१७, २१–१६ से हराया।
एक अन्य भारतीय खिलाड़ी अनमोल खरब ने कड़ा मुकाबला किया, लेकिन चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त और टोक्यो ओलंपिक २०२० की स्वर्ण पदक विजेता चेन युफेई के खिलाफ १९–२१, २१–१३, २१–१८ से हार गईं।

About Author

Advertisement