तमिलनाडु में बनेगा अत्याधुनिक रडार प्लांट
नई दिल्ली: भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए बेंगलुरु की डीसीएक्स सिस्टम्स और इजराइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (IAI) ने मिलकर तमिलनाडु में एक हाई-टेक रडार निर्माण संयंत्र की आधारशिला रखी है। तमिलनाडु के शूलागिरी औद्योगिक क्षेत्र में शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट ‘मेक इन इंडिया’ नीति के तहत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस रडार प्लांट का निर्माण कार्य अप्रैल २०२७ तक पूरा होने की उम्मीद है जिसके बाद यहाँ आधुनिक सैन्य रडार प्रणालियों का उत्पादन, एकीकरण और परीक्षण शुरू कर दिया जाएगा।
आईएआई के प्रमुख बोअज लेवी के अनुसार यह परियोजना भारत और इजराइल के बीच मजबूत होते रणनीतिक संबंधों का प्रतीक है जो भारतीय सशस्त्र बलों को उन्नत तकनीक प्रदान करने में सहायक होगी। यह प्लांट न केवल अत्याधुनिक एयरबोर्न और ग्राउंड-बेस्ड रडार सिस्टम का केंद्र बनेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और तकनीकी विकास को भी बढ़ावा देगा। चीन और पाकिस्तान जैसी सीमाओं पर बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर स्वदेशी रूप से विकसित ये रडार सिस्टम दुश्मन की हर चाल पर नजर रखने में सक्षम होंगे और भविष्य में भारत के रक्षा निर्यात की संभावनाओं को भी मजबूती देंगे।








