नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में एक भव्य राजकीय भोज की मेजबानी की है। इस शाही दावत में मुख्य रूप से पंजाब और हरियाणा के देसी स्वादों को शामिल कर भारतीय कृषि और ग्रामीण विरासत का प्रदर्शन किया गया। मशहूर शेफ हरपाल सिंह सोखी द्वारा तैयार किए गए इस विशेष मेन्यू में हिसार की बाजरा खिचड़ी, भटिंडे वाले आलू और चुकंदरी चिलगोजा नान जैसे पारंपरिक व्यंजन परोसे गए।
मिठाइयों में सबसे ज्यादा चर्चा गन्ने के रस से बनी खीर की रही जिसे पंजीरी के साथ परोसा गया था। इसके साथ ही मेहमानों को बाजरा गुड़ चूरमा डोड़ा और मलाई कुल्फी का आनंद लेने का भी मौका मिला। फुलकारी कला से सजे डाइनिंग हॉल में पारंपरिक थाली के माध्यम से परोसा गया यह भोजन न केवल स्वाद में अनूठा था बल्कि इसने भारत की सांस्कृतिक विविधता और मेहमाननवाजी की एक सुंदर तस्वीर भी पेश की।









