थॉमस कप में फ्रांस फाइनल में, भारत का अभियान समाप्त

IMG-20260503-WA0084

हर्सेन्स: भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम का थॉमस कप २०२६ में अभियान समाप्त हो गया है। सेमीफाइनल में भारत को फ्रांस के खिलाफ ०-३ से हार का सामना करना पड़ा।
भारत को शुरुआती तीनों एकल मुकाबलों में निराशाजनक हार मिली। इस जीत के साथ फ्रांस पहली बार इस प्रतिष्ठित टीम टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गया। फ्रांसीसी टीम शानदार फॉर्म में है और उसने ग्रुप चरण में १४ बार के चैंपियन इंडोनेशिया बैडमिंटन टीम को भी हराया था।
भारत की शुरुआत खराब रही। चोटिल लक्ष्य सेन की जगह खेल रहे आयुष शेट्टी को क्रिस्टो पोपोव के खिलाफ २१-११, २१-९ से हार झेलनी पड़ी। यह मुकाबला सिर्फ ३९ मिनट तक चला।
इसके बाद दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल एलेक्स लानियर ने भारत के अनुभवी किदांबी श्रीकांत को २१-१८, २१-१६ से हराकर फ्रांस को २-० की बढ़त दिलाई।
तीसरे मुकाबले में टोमा जूनियर पोपोव ने एचएस प्रणय को २१-१९, २१-१६ से हराकर फ्रांस की जीत सुनिश्चित कर दी।
तीनों मैचों में भारतीय खिलाड़ियों ने कुछ मौकों पर दबाव बनाया, लेकिन अहम क्षणों में अंक हासिल नहीं कर सके। फ्रांस की इस ऐतिहासिक जीत में पोपोव बंधुओं की बड़ी भूमिका रही, जिन्होंने शानदार खेल के साथ रणनीतिक बढ़त भी बनाई।
लक्ष्य सेन का कुहनी की चोट के कारण बाहर होना भारत के लिए बड़ा झटका साबित हुआ, जिससे टीम संयोजन प्रभावित हुआ। शुरुआती तीन हार के कारण भारत को युगल मुकाबले खेलने का मौका भी नहीं मिला, जो उसकी ताकत साबित हो सकता था।
सेमीफाइनल में हार के साथ भारत को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

About Author

Advertisement