स्पेनिश ला लीगा: चैंपियन बनने के करीब पहुँचा एफसी बार्सिलोना

IMG-20260503-WA0081

मैड्रिड: स्पेनिश ला लीगा फुटबॉल प्रतियोगिता के जारी सत्र में एफसी बार्सिलोना चैंपियन बनने के बहुत करीब पहुंच गया है। इसके अलावा एटलेटिको मैड्रिड ने भी अपना मुकाबला जीत लिया।
शनिवार रात खेले गए मैच में गत सत्र का चैंपियन बार्सिलोना ने ओसासुना को २-१ से हराया। मैच के सभी गोल अंतिम समय में हुए। इस अवे मुकाबले में ७३ प्रतिशत पोजेशन के साथ खेलने वाली बार्सिलोना के लिए पहला गोल रॉबर्ट लेवांडोव्स्की ने ८१वें मिनट में किया। इसके बाद फेरान टोरेस ने ८६वें मिनट में एक और गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। ओसासुना की ओर से राउल गार्सिया ने 88वें मिनट में एक गोल किया।
इस जीत के साथ ला लीगा अंक तालिका में शीर्ष पर कायम बार्सिलोना के ३४ मैचों में ८८ अंक हो गए हैं, जो दूसरे स्थान पर मौजूद रियल मैड्रिड से १८ अंक अधिक हैं। अब यदि रविवार रात रियल मैड्रिड एस्पान्योल के खिलाफ जीत दर्ज करने में असफल रहता है, तो बार्सिलोना चैंपियन बन जाएगा।
इस बीच एटलेटिको मैड्रिड ने लगातार दूसरी जीत हासिल करते हुए वेलेंसिया को २-० से हराया। इस अवे मैच में ४५ प्रतिशत पोजेशन के साथ खेलने वाली एटलेटिको मैड्रिड को गोल के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। विजेता टीम के लिए इकर लुकुए सिएरा ने ७४वें और मिगुएल लोरेन्ते ने ८२वें मिनट में गोल किए। इस जीत के साथ एटलेटिको मैड्रिड ३४ मैचों में ६३ अंकों के साथ चौथे स्थान पर बना हुआ है।
एथलेटिक क्लब बिलबाओ ने भी अलावेस को ४-२ से हराया। इस अवे मुकाबले में ५१ प्रतिशत पोजेशन के साथ खेलने वाली एथलेटिक क्लब की ओर से निको विलियम्स ने ८३वें और ८७वें मिनट में दो गोल किए। इस जीत के साथ एथलेटिक क्लब ४४ अंकों के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गया है।
ला लीगा के अन्य मैचों में मालोर्का ने गिरोना को १-० से और विल्लारियल ने लेवांते को ५-१ से पराजित किया।

About Author

Advertisement