उदालगुड़ी: राजनीति में महिलाओं को ३३ प्रतिशत आरक्षण देने की मांग को लेकर उदालगुड़ी जिला भाजपा महिला मोर्चा ने मंगलवार को टंगला में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। संसद में महिला आरक्षण विधेयक का विपक्षी दलों द्वारा विरोध किए जाने के खिलाफ महिला मोर्चा की सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
टंगला नगर के सुजित नार्जारी प्रेक्षागृह से शुरू हुई यह रैली मंगलदै भुटिया चांग मार्ग होते हुए बरदलै भवन तक निकाली गई। रैली का नेतृत्व कर रही असम प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष नीलिमा देवी ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को उनके राजनैतिक अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल एकजुट होकर इस राह में रोड़ा अटका रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की इस नकारात्मक राजनीति के कारण ही महिलाओं का हक मिलने में देरी हो रही है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाएं हाथों में तख्तियां और प्लेकार्ड लिए कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ नारेबाजी कर रही थीं। इस विरोध रैली में प्रदेश अध्यक्ष के साथ उदालगुड़ी जिला भाजपा अध्यक्ष अजय हजारिका, सचिव सुजित सरकार, पार्षद अर्जुन दैमारी, दिगंत बरुवा सहित भारी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। भाजपा महिला मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि जब तक महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार नहीं मिल जाता, इस तरह के प्रदर्शन देश भर में जारी रहेंगे।









