फीफा वर्ल्ड कप से पहले खेल के नियमों में संशोधन और नए नियम लागू

IMG-20260429-WA0082

नई दिल्ली: विश्व फुटबॉल के नियम निर्धारित करने वाली संस्था इंटरनेशनल फुटबॉल एसोसिएशन बोर्ड (आईएफएबी) ने बड़ा फैसला लेते हुए नए नियमों को मंजूरी दी है। अब कोई खिलाड़ी अगर विरोधी टीम के खिलाड़ी से बहस के दौरान मुंह ढककर बात करता है, तो उसे सीधे रेड कार्ड दिखाया जाएगा। यह फैसला वैंकूवर में हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। नए नियम ११ जून से शुरू होने वाले फीफा वर्ल्ड कप २०२६ में लागू होंगे।
यह नियम उस विवाद के बाद सामने आया है, जिसमें विनीसियस जूनियर पर फरवरी में चैंपियंस लीग मैच के दौरान जियानलुका प्रेस्टियानी के खिलाफ मुंह ढककर नस्लीय टिप्पणी करने का आरोप लगा था। इस मामले में यूईएफए ने प्रेस्टियानी पर छह मैचों का प्रतिबंध लगाया था। यदि प्रेस्टियानी अर्जेंटीना की वर्ल्ड कप टीम में चुने जाते हैं, तो वे शुरुआती मैचों से बाहर रह सकते हैं।
आईएफएबी ने अपने बयान में कहा है कि अब फुटबॉल में किसी भी तरह की गुप्त बातचीत या अपमानजनक टिप्पणी को छिपाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आईएफएबी ने एक और नया नियम लागू किया है। अब अगर कोई खिलाड़ी रेफरी के फैसले का विरोध करते हुए मैदान छोड़ता है, तो उसे भी रेड कार्ड दिया जा सकता है। यह नियम टीम के अधिकारियों पर भी लागू होगा। यदि कोई कोच या अधिकारी खिलाड़ी को मैदान छोड़ने के लिए उकसाता है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं फीफा ने फीफा वर्ल्ड कप २०२६ के लिए येलो कार्ड के नियमों में राहत दी है। अब ग्रुप चरण में मिले येलो कार्ड नॉकआउट चरण में लागू नहीं होंगे। यानी, अगर कोई खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल तक पहुंच जाता है, तो उसके पहले के येलो कार्ड हटा दिए जाएंगे।
फीफा के अनुसार, इस बदलाव से स्टार खिलाड़ी छोटे-छोटे उल्लंघनों के कारण बड़े मैचों से बाहर नहीं होंगे, और मैदान पर अनुशासन भी बेहतर बना रहेगा।

About Author

Advertisement